एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से हरियाली और जल संरक्षण को मिलेगा बल: सांसद विजय बघेल दिशा समिति की बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग पर जोर
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। लोकसभा सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनी रहे। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सांसद श्री बघेल ने “एक पेड़ माँ के नाम” और “एक सोखता संतान के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल से हरियाली बढ़ेगी और जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकानों में पौधारोपण को अनिवार्य रूप से शामिल करने और नगरीय निकायों में बिल्डिंग परमिशन के समय रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। सांसद ने शुद्ध पेयजल की समस्या को गंभीर बताते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले के विभिन्न समूह जलप्रदाय योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। सांसद ने स्पष्ट कहा कि आम जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रोजगार सृजन को लेकर सांसद ने मनरेगा के तहत प्रत्येक गांव में कार्य शुरू करने और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कृषि सीजन को ध्यान में रखते हुए समय पर खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जर्जर सड़कों की पहचान कर शीघ्र सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पशुपालन विभाग को बारिश से पहले पशुओं का टीकाकरण शिविर लगाकर करने और शिक्षा विभाग को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न योजनाओं—मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। सीईओ जिला पंचायत श्री बजरंग दुबे ने बताया कि मनरेगा के तहत लक्ष्य के अनुरूप 100 प्रतिशत मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान अवधि में भी कार्य प्रगति पर है। बैठक में जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों, पीएम केयर्स चिल्ड्रन योजना और स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बच्चों को दिए जा रहे लाभों की भी जानकारी दी गई। कलेक्टर ने सांसद के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान आयुक्त नगर निगम दुर्ग सुमित अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम रिसाली श्रीमती मोनिका वर्मा, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


