24 घंटे में लूट का खुलासा: किराना दुकानदार से नगदी लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। पुरानी भिलाई पुलिस ने किराना दुकानदार को धमकाकर नगदी लूटने वाले 4 आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मेजर यादव (58 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 04 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उसकी किराना दुकान में पहुंचे। उन्होंने चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट लिया, लेकिन जब उनसे पैसे मांगे गए तो विवाद करने लगे। इसी दौरान आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार दिखाकर दुकानदार को डराया-धमकाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर दुकान के गल्ले से 5,100 रुपये जबरदस्ती निकाल लिए। जान का खतरा देखते हुए दुकानदार मौके से भाग गया और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 245/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धनराज निर्मलकर (21), विराज (18), श्याम रेड्डी (25) और प्रहलाद बंजारे (22) शामिल हैं, जो खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं नगदी से संबंधित साक्ष्य भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Subscribe to my channel


