फूलबासन बाई से मिले विधायक देवेंद्र यादव, सुरक्षा को लेकर उठाए गंभीर सवाल
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई के साथ हाल ही में हुए अपहरण के प्रयास ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि अपराधी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए, लेकिन इस घटना ने आमजन और खासकर समाजसेवियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव बुधवार सुबह फूलबासन बाई से उनके निवास पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जहां फूलबासन बाई विधायक देवेंद्र यादव को देखकर गले लगकर रो पड़ीं और अपनी आपबीती साझा की।
मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित और महिलाओं के उत्थान के लिए जीवन समर्पित करने वाली फूलबासन बाई के साथ इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि “जिनका नाम देश-विदेश में है, उनके साथ अपहरण का प्रयास होना शासन और पुलिस प्रशासन के लिए शर्म की बात है।” उन्होंने आगे कहा कि फूलबासन बाई ने अपनी हिम्मत और सजगता से खुद को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन इस मामले की गहराई से जांच होना आवश्यक है। “सिर्फ सामने दिखने वाले आरोपियों तक सीमित न रहकर इसके पीछे छिपे पूरे गिरोह और साजिश का खुलासा किया जाना चाहिए। मुझे इस घटना के पीछे बड़ा षड्यंत्र नजर आता है,” उन्होंने कहा। विधायक यादव ने यह भी मांग की कि फूलबासन बाई को विशेष सुरक्षा दी जाए। “जिस तरह से सरकार विधायक और पूर्व विधायकों को सुरक्षा देती है, उसी तरह समाज के लिए 28 वर्षों से कार्य कर रही फूलबासन बहन को भी सुरक्षा मिलनी चाहिए,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से फूलबासन बाई का परिवार काफी डरा हुआ है, लेकिन एक भाई होने के नाते वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपिन यादव, जीतू मुदलियार, खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली, प्रदेश सचिव कांग्रेस मेहुल मारू, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, मानव देशमुख, विशु अजमानी एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अमर झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


