डेंगू-मलेरिया के खिलाफ निगम-स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त मुहिम, घर-घर पहुंचकर किया जागरूकता अभियान
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मच्छर जनित बीमारियों डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देशानुसार जोन-3 मदर टेरेसा नगर अंतर्गत वार्ड-35 शारदा पारा स्थित कुष्ठ बस्ती एवं भैरव बस्ती में विशेष अभियान संचालित किया गया।इस दौरान निगम के विशेष दस्ते और जिला मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की टीम ने घर-घर जाकर गहन सर्वेक्षण किया। टीम ने कूलर, पानी की टंकियों, ड्रमों और पुराने कंटेनरों की बारीकी से जांच की।
जहां भी मच्छरों का लार्वा पाया गया, वहां तत्काल पानी खाली करवाकर एक्यूगार्ड का छिड़काव किया गया। वहीं, वयस्क मच्छरों को समाप्त करने के लिए स्प्रेयर पंप के माध्यम से मैलाथियान का छिड़काव भी किया गया। बस्तियों की पक्की एवं कच्ची नालियों में जमा पानी पर भी कीटनाशकों का उपयोग कर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के प्रयास किए गए। अभियान के दौरान नागरिकों को मच्छरदानी के उपयोग, घर के आसपास पानी जमा न होने देने और व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने के लिए पाम्पलेट भी वितरित किए गए। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर और पानी के बर्तनों को खाली कर सुखाएं, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
Subscribe to my channel


