ब्रेकिंग न्यूज़

सिवरेज, सफाई और पेयजल व्यवस्था पर निगम आयुक्त की सख्ती खुर्सीपार वार्ड का किया व्यापक निरीक्षण

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सिवरेज लाइन संधारण, नाला सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। आयुक्त स्थानीय पार्षद एवं उप नेता प्रतिपक्ष दया सिंह के साथ वार्ड क्रमांक-44 लक्ष्मी नारायण वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे सिवरेज लाइन संधारण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा जिन घरों के समीप से सिवरेज लाइन गुजर रही है और मरम्मत की आवश्यकता है, उसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर निगम स्वयं कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान हाल ही में कराई गई नाला सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सफाई कार्यों को नियमित जारी रखने तथा जलभराव की स्थिति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। केनाल रोड क्षेत्र में आयुक्त ने प्रस्तावित सर्विस रोड निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी तथा आवागमन की समस्याएं कम होंगी।

आयुक्त ने वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का भी निरीक्षण किया। लगभग तीन वर्ष पूर्व निर्मित इस भवन को निगम के अधीन लेकर स्थानीय नागरिकों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नियमित एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कर क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, उप अभियंता बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, राजस्व निरीक्षक विजेंद्र परिहार, स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button