ब्रेकिंग न्यूज़

8 वर्षों से निरंतर स्वच्छता अभियान चला रही टीम, पुलिस अधीक्षक ने की सराहना

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई-दुर्ग। बीरा जी के अंगना, कोहका में आयोजित पारिवारिक मिलन एवं सम्मान समारोह में स्वच्छता ही सेवा समिति की स्वच्छता अभियान टीम के कार्यों की विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने टीम द्वारा पिछले 8 वर्षों से लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी, तपती धूप, तीज-त्योहार, राष्ट्रीय आपदा, मतदाता जागरूकता अभियान, पल्स पोलियो अभियान, नशा मुक्ति अभियान तथा कोरोना काल जैसी विषम परिस्थितियों में भी टीम ने अपने सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखा। उन्होंने कहा कि लोग जहां कचरा और गंदगी फैलाते हैं, वहीं यह टीम सफाई कर समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है, जो अत्यंत सराहनीय है। समाजसेवी इंद्रजीत ‘छोटू भैया’ ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से प्रत्येक रविवार सुबह 7 से 9 बजे तक नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने वाले स्वच्छता प्रहरियों के कारण लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और नागरिक अब गंदगी फैलाने से बचने लगे हैं। जिला साहू संघ भिलाई के व्यापारी प्रकोष्ठ संयोजक कबीर साहू ने टीम द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए घातक है। स्वच्छता अभियान टीम इस विषय पर भी जनजागरण कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद साहू ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग और मार्गदर्शन से यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा इसके सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। वहीं समिति के उपाध्यक्ष एवं सेक्टर-7, 8, 9 एवं 10 साहू समाज के अध्यक्ष देवेश कुमार साहू ‘बंटी’ ने कोरोना काल के दौरान टीम द्वारा किए गए सेवा कार्यों को अविस्मरणीय बताया।कार्यक्रम के संयोजक हर्ष देव साहू ने कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष ‘जल ही जीवन है’ अभियान के अंतर्गत शिवनाथ नदी में सफाई अभियान चलाकर जनजागरण का कार्य भी किया जाता है। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान टीम के सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा समाजहित में उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की गई।

Related Articles

Back to top button