भाजपा महिला मोर्चा द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद उपचार शिविर आयोजित सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ, निःशुल्क चश्मा वितरण एवं ऑपरेशन की व्यवस्था भी
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला महिला मोर्चा के तत्वावधान में सुपेला स्थित नेहरू भवन के पास निःशुल्क नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आंखों के मोतियाबिंद की जांच, अन्य आवश्यक नेत्र परीक्षण तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई। साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन का संपूर्ण खर्च वहन करने की जिम्मेदारी भी आयोजकों द्वारा ली गई। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया। आयोजन का उद्देश्य आमजन, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी, विधायक डोमनलाल कोसेवाड़ा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक सहित महिला मोर्चा की समस्त टीम, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य सेवा से जुड़े इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सदैव सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करती रही है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन में सहयोग करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऐसे शिविर लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल आयोजन पर उपस्थित नागरिकों ने भाजपा महिला मोर्चा एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया तथा लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।
Subscribe to my channel


