गनियारी स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नव प्रवेशी विद्यार्थियों का किया आत्मीय स्वागत
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई-3 । शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला गनियारी में कक्षा पहली एवं छठवीं के नव प्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुस्तकें एवं विद्यालयीन ड्रेस वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेम लाल साहू (जिला प्रवक्ता, भाजपा भिलाई) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मेंद्र कोसरे (पूर्व पार्षद) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गजानंद गोस्वामी (वरिष्ठ भाजपा नेता), देवेंद्र जोशी (संकुल समन्वयक), आरती ठाकुर (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति) एवं संजय चंद्राकर (उपाध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति) उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि प्रेम लाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में सहयोग करने का आग्रह किया।अध्यक्षीय उद्बोधन में धर्मेंद्र कोसरे ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में परिवार, शिक्षक और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षित एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है। विशिष्ट अतिथियों ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुस्तकें एवं विद्यालयीन ड्रेस वितरित की गई तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नव प्रवेशी विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम का संचालन अनिल देवांगन ने किया तथा अंत में प्रधान पाठक मनोज वर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। शाला परिवार ने प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शरद वर्मा, संगीता चंद्राकर, किरण मांडवी, अनिल, पॉल सर, चक्रवर्ती मैडम, भारती शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


