बालाजी विद्या मंदिर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

रायपुर/देवेन्द्र नगर। योग भारती संस्थान द्वारा बालाजी विद्या मंदिर, देवेन्द्र नगर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन बड़े उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद योग सत्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आचार्य शंभु गुप्ता के मार्गदर्शन एवं प्रिया धुर्वे के मंच संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अतिथियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर हमर चिन्हारी संस्था एवं भाजपा किसान मोर्चा मंडल के सदस्य भी उपस्थित रहे। आचार्य शंभु गुप्ता ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है तथा तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने में सहायक है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण आसपास की बस्तियों से आए बच्चों की योग प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने विभिन्न योगासनों एवं योग-डांस के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। श्रीराम नगर बस्ती के बजरंगी ग्रुप, त्रिमूर्ति नगर बस्ती के बच्चों के समूह, ऑक्सीजन वीर सावरकर शाखा के वीर ग्रुप, रानी लक्ष्मीबाई जिज्ञासा ग्रुप तथा एसबीआई शाखा के समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। हमर चिन्हारी संस्था की ओर से गरिमा जैन ने गीत प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरे। योग भारती संस्थान एवं हमर चिन्हारी संस्था के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। “योग से निरोग जीवन, योग से स्वस्थ भारत” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
Subscribe to my channel

