सरस्वती साइकिल योजना के तहत भिलाई-3 की 15 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा के लिए किया प्रेरित
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई-3। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई-3 में कक्षा नवमी की 15 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। योजना का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, विद्यालय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करना तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला भिलाई के प्रवक्ता प्रेमलाल साहू रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि हामिद अहमद शाह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता वर्मा (कन्या शक्ति संयोजिका, भाजयुमो जिला भिलाई), अंजू वर्मा (अध्यक्ष, जनभागीदारी एवं शाला प्रबंधन समिति) तथा विद्यालय की प्राचार्य निशा जैन उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि प्रेमलाल साहू ने कहा कि “बेटी पढ़ेगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र आगे बढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना केवल साइकिल वितरण नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की गई थी। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने माता-पिता, विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में हामिद अहमद शाह ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और शासन की यह योजना छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालय आने-जाने की कठिनाइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गीता वर्मा ने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। वहीं अंजू वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है और सभी छात्राओं को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। विद्यालय की प्राचार्य निशा जैन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं को नियमित अध्ययन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रूपाली ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य निशा जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर शांता वर्मा, हितेश्वरी ठाकुर, जितेंद्र मढ़रिया सुनील कश्यप, देशबंधु शर्मा, दिवान मैडम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Subscribe to my channel


