मानपुर नगरिया में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी
मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच मध्यरात्रि में हुआ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव

महेंद्र सिंह/दीपक तोमर कासगंज/न्यौली। मानपुर नगरिया में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के दुर्गा माता मंदिर, काली मंदिर सहित पुलिस चौकी स्थित माता मंदिर को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी सामान से भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर परिसरों में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही। भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां और विद्युत सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।शाम होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जैसे ही मध्यरात्रि में जन्मोत्सव का समय हुआ, मंदिर घंटियों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठे।
श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा। पूरे मानपुर नगरिया में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उत्साह, उमंग और भक्ति का माहौल बना रहा।
Subscribe to my channel


