शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता : कन्हैया सोनी
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। स्वामी आत्मानंद माध्यमिक इंग्लिश स्कूल, सेक्टर-6 में शिक्षक दिवस के अवसर पर समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता कन्हैया सोनी रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक द्विवेदी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष रजनीकांत पांडे, समिति के सदस्य, विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि कन्हैया सोनी ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन के मार्गदर्शक और भविष्य के निर्माता होते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों के जीवन में नई दिशा और संभावनाओं का प्रकाश फैलाते हैं। देश और समाज के भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अमूल्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने गुरुजनों के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय का वातावरण गुरु-शिष्य के पवित्र संबंधों की भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। समारोह के अंत में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
Subscribe to my channel


