ब्रेकिंग न्यूज़

भूमिपूजन के साथ शुरू हुई सीजी मिरर्स गणेशोत्सव समिति की तैयारियां,बंगाल के 100 कलाकार तैयार करेंगे भव्य और अनोखी झांकी

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई। सीजी मिरर्स कल्चरल ग्रुप गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-1 सड़क-11 मैदान द्वारा बुधवार को 29वें गणेशोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भूमिपूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और गणपति बप्पा से आयोजन की सफलता एवं शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। भूमिपूजन कार्यक्रम में समिति के महासचिव धीरेंद्र मिश्रा (धन्नू), कार्यकारी अध्यक्ष सतनाम सिंह, संदेश श्रॉफ, प्रवीण शहारे, रवींद्र कुमार, गज्जू महाजन, संजू साहू, पटेल भइया, मुरारी, संदीप कुमार, अज्जू अहमद चौहान, बंटी सिंह सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। समिति के महासचिव धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि समिति इस वर्ष अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए कुछ नया और भव्य प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रस्तुत की गई “अली बाबा 40 चोर” चलित झांकी को लोगों का भरपूर स्नेह मिला था। इस बार बंगाल से करीब 100 कलाकारों की टीम एक भव्य एवं अनोखी झांकी का निर्माण करेगी। झांकी की थीम फिलहाल गोपनीय रखी गई है, जिसका जल्द ही सोशल मीडिया के माध्यम से खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भगवान श्री गणेश की प्रतिमा नारियल थीम पर तैयार की जा रही है। प्रतिमा का निर्माण थानोद गांव के प्रसिद्ध मूर्तिकार प्रेम चक्रधारी कर रहे हैं। प्रतिमा स्थल को आकर्षक एवं भव्य सजावट से सजाया जाएगा। साथ ही मैदान में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले भी लगाए जाएंगे, जिससे गणेशोत्सव का उत्साह और बढ़ेगा। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सतनाम सिंह ने बताया कि 29वें वर्ष को यादगार बनाने के लिए इस बार भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। बंगाल के प्रसिद्ध कारीगर विशेष थीम पर झांकी तैयार करेंगे, जिसका नाम जल्द ही मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से आयोजन में शामिल होकर गणेशोत्सव की भव्यता के साक्षी बनने और समिति का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button