ब्रेकिंग न्यूज़

गुरु पूर्णिमा पर गुरु अमर दास जी को श्रद्धापूर्वक नमन, भिलाई के सतनाम भवन में भव्य जयंती समारोह आयोजित

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन में गुरु घासीदास सेवा समिति द्वारा बाबा गुरु अमर दास जी की भव्य जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सतनाम भवन परिसर में जैतखाम पर ध्वजारोहण, गुरु गद्दी एवं गुरु अमर दास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, सामूहिक गुरु आरती तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह आदरणीय गेंदलाल राय, भागीरथी बघेल, रामजी गायकवाड, शांतिलाल मिर्चें, श्रीमती उर्मिला भास्कर के गरिमामयी आतिथ्य तथा बी.एल. कुर्रे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने गुरु अमर दास जी के जीवन, समाज सुधार के कार्यों और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज को उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

भागीरथी बघेल ने बाबा गुरु अमर दास जी की जीवनी का वर्णन किया, जबकि गेंदलाल राय ने उनके द्वारा संचालित रावटी की परंपरा की जानकारी दी। राजमहंत जवाहर कौशल ने गुरु अमर दास जी के जीवन प्रसंगों का उल्लेख किया। रामजी गायकवाड ने समाज को संगठित होकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। शांतिलाल मिर्चें ने गुरु की महिमा का वर्णन किया और श्रीमती उर्मिला भास्कर ने माता को प्रथम गुरु बताते हुए नारी शक्ति को नमन किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में बी.एल. कुर्रे ने कहा कि गुरु अमर दास जी का जीवन एक दर्शन है, जिसमें समाज सुधार, समानता और मानवता का संदेश समाहित है। उन्होंने कहा कि गुरु वंशजों ने सदैव समाज की दशा और दिशा को समझते हुए नई राह दिखाई तथा सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर समाज के सम्मान को स्थापित किया। कार्यक्रम में भजन मंडली द्वारा गुरु अमर दास जी की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष आर.सी. देशलहरा, सदस्य सरयू प्रसाद बारले, राजन खुंटेल, एस.आर. नौरंगे, सतीश डहरे, मनबोधी कुर्रे, सहयोगेश्वर चतुर्वेदी, नोहर सिंह कुर्रे, कैलाश चतुर्वेदी, बिसाहूराम बघेल, उषा देशलहरा, उषा कौशल, ललिता गिलहरे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव नेतराम गिलहरे ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button