जानलेवा हमले के मुख्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पीड़ित परिवार ने एसपी दुर्ग को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमले के मामले के मुख्य फरार आरोपी राजेश बिहारी और अशोक सिंह (कुकु बिहारी) की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार और परिजनों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) दुर्ग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, साक्ष्यों से छेड़छाड़ की जांच तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को ‘देव भूमि’ लेआउट में हिसाब-किताब के बहाने नरेंद्र सिंह को बुलाकर उन पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र सिंह का उपचार रायपुर के ग्लोबल स्टार अस्पताल में जारी है। मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से घटनास्थल से सीसीटीवी की हार्ड डिस्क गायब कर दी गई। साथ ही मुख्य आरोपी राजेश बिहारी पर पूर्व में हत्या के मामले में जेल में रहने, अवैध शराब तस्करी से जुड़े प्रकरण तथा किसानों की जमीन हड़पकर अवैध प्लॉटिंग करने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आरोपी पिछले कुछ वर्षों से बाहरी असामाजिक तत्वों को संरक्षण देकर अवैध गतिविधियों का नेटवर्क चला रहे हैं। वहीं, दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘होटल ड्रीम पैलेस’ में भी असामाजिक गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिससे परिजनों और गवाहों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सीसीटीवी हार्ड डिस्क गायब होने की निष्पक्ष जांच तथा कथित अवैध भू-सिंडिकेट और अन्य गतिविधियों पर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Subscribe to my channel


