फर्जी इकरारनामा बनाकर जमीन हड़पने का आरोप, किसान ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

शदुर्ग। जिले के ग्राम करहीडीह में एक किसान की कृषि भूमि को कथित रूप से फर्जी इकरारनामा बनाकर हड़पने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ईश्वर निषाद ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) दुर्ग को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में बेटे और भांजे के विवाह के लिए आर्थिक आवश्यकता होने पर ईश्वर निषाद ने कर्ज लेने का निर्णय लिया था। इसी दौरान गांव के जसवंत साहू ने उनकी मुलाकात ब्याज पर रकम देने वाले अशोक सिंह और राजेश सिंह से कराई। आरोप है कि कर्ज देने के नाम पर आरोपियों ने गारंटी के तौर पर जमीन के दस्तावेजों की फोटोकॉपी, कोरे स्टाम्प पेपर और कोरे कागजों पर ईश्वर निषाद तथा गवाह के रूप में जसवंत साहू के हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़ित का आरोप है कि जब वह कर्ज की राशि लौटाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसकी कृषि भूमि को कम कीमत पर बेचने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर आरोपियों ने कथित रूप से कोरे स्टाम्प और कागजों का दुरुपयोग करते हुए उसके भाई-बहनों के फर्जी अंगूठे के निशान और जाली हस्ताक्षर बनाकर एक फर्जी इकरारनामा तैयार कर लिया। ईश्वर निषाद ने आवेदन में आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के बाद आरोपी उससे मूल राशि से कई गुना अधिक रकम की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर लगातार ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित किसान ने एसपी दुर्ग को आवेदन के साथ पूर्व में की गई शिकायत और कथित फर्जी इकरारनामे की प्रति भी सौंपी है। उन्होंने अशोक सिंह सहित पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Subscribe to my channel


