ब्रेकिंग न्यूज़

संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, जिलेभर में निकलेगी पवित्र कलश यात्रा

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा है कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा पूरे जिले के सभी मंडलों में उनके जीवन दर्शन, विचारों और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत जिलेभर में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास समाज के लिए प्रेरणापुंज और प्रेरणा पुरुष हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस और समानतापूर्ण समाज का निर्माण संभव है। पुरुषोत्तम देवांगन ने बताया कि यह यात्रा पूरे जिले में भ्रमण कर समाज के हर वर्ग से संपर्क करेगी तथा एकता, संवेदनशीलता और समावेशिता का संकल्प दिलाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा तक निरंतर सक्रिय रहेगा। भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संत गुरु रविदास के संदेश, उनके संकल्पों और शिक्षाओं से लोगों को प्रेरित करेंगे तथा सामाजिक एकता और समानता का संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का पूजन राजधानी स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त को राजधानी के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संत तथा विभिन्न समाजों के प्रमुख शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद 479 मंडलों में कलश वितरण एवं यात्रा का आयोजन किया जाएगा। पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि वाराणसी की पावन माटी युक्त यह कलश पूरे भिलाई जिले में भ्रमण कर संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा तथा समाज में सद्भाव, समरसता और सामाजिक एकता का वातावरण मजबूत करेगा।

Related Articles

Back to top button