ब्रेकिंग न्यूज़

दुर्ग जिले की ग्राम पंचायतों में ‘चावल महोत्सव’ के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन

लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण, आवास, रोजगार और आजीविका योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। दुर्ग। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिला पंचायत दुर्ग द्वारा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शुक्रवार को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ‘चावल महोत्सव’ के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आवास एवं रोजगार योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अन्य आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक आवास में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा स्व-सहायता समूहों की दीदियों को निर्माण सामग्री की आपूर्ति एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों में मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने तथा ग्राम सभा के प्रस्तावों के अनुसार प्राथमिकता वाले कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने की कार्ययोजना तैयार की गई। वहीं ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा निर्मित आजीविका डबरियों एवं नवा तरिया के माध्यम से आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण कार्यों के विस्तार तथा योजनाओं के प्रत्येक चरण में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मड़ियापार, राखी, बठेना, अचानकपुर एवं छांटा (जनपद पंचायत पाटन), कटरो, कोनारी एवं धनोरा (जनपद पंचायत दुर्ग) तथा मोहलई (जनपद पंचायत धमधा) सहित जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, रोजगार सहायकों एवं स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग श्री बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि ग्रामीण विकास योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मिशन के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के आयोजन से दुर्ग जिले की ग्राम पंचायतों में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिली है। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button