भोजली पर्व पर गूंजे पारंपरिक गीत, लोधी समाज ने निकाली भव्य रैली

भिलाई। लोधी समाज, भिलाई द्वारा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक भोजली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अवंती बाई चौक से आर्य नगर, कोहका तक भव्य भोजली रैली निकाली गई। रैली में लोधी समाज की महिलाओं, युवाओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा, भोजली गीतों और उत्साहपूर्ण माहौल ने आयोजन को आकर्षक एवं यादगार बना दिया। रैली के दौरान छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। रैली का स्वागत करने पहुंचे भाजपा नेता कन्हैया सोनी ने समाजजनों को भोजली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भोजली पर्व हमारी मिट्टी, प्रकृति, कृषि संस्कृति और आपसी भाईचारे से जुड़ी समृद्ध विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कन्हैया सोनी ने लोधी समाज, भिलाई के पदाधिकारियों, आयोजकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं सभी समाजजनों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कामना की कि भोजली पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए।
Subscribe to my channel


