जेएलएन अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय संक्रमण रोकथाम सप्ताह शुरू – उदय कुमार
पोस्टर प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई।जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी) में 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय संक्रमण रोकथाम सप्ताह (IIPW-2026) मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम **‘संक्रमण रोकथाम की पीढ़ियां : अतीत, वर्तमान और सुरक्षित भविष्य’** रखी गई है। सप्ताहव्यापी आयोजन का उद्देश्य अस्पताल के सभी श्रेणियों के कर्मचारियों में संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार, 12 अक्टूबर को अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक में संक्रमण रोकथाम संबंधी जागरूकता पोस्टर प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। इसका उद्घाटन सीएमओ इंचार्ज एवं हेड ऑफ मेडिकल डॉ. उदय कुमार धाबर्डे ने किया। प्रदर्शनी के माध्यम से संक्रमण से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। इसमें हाथों की स्वच्छता, श्वसन संबंधी स्वच्छता, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) का उचित उपयोग, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व को प्रदर्शित किया गया। जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए श्री शंकराचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग के नर्सिंग विद्यार्थियों ने संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण विषय पर शैक्षणिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रोचक और सरल तरीके से स्वच्छता के सुरक्षित तरीकों तथा संक्रमण के प्रसार को रोकने के उपायों की जानकारी दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से मरीजों, उनके परिजनों, आगंतुकों और आम नागरिकों को जागरूक किया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सप्ताह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, संवादात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी कर्मचारियों को संक्रमण नियंत्रण के प्रभावी उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य संक्रमण की रोकथाम को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना है। संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन मरीजों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल में होने वाले संक्रमणों की रोकथाम के लिए आवश्यक है।
Subscribe to my channel


