मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करें, मदद लेने में न हिचकें : डॉ. उदय कुमार
थीम ‘अनुभवों को सुना गया—सच्ची आवाजें, सच्चा बदलाव’ के जरिए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई।भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में मनोरोग विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘जीवन के अनुभवों को सुना गया—सच्ची आवाजें, सच्चा बदलाव’ के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परामर्शदाता मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अमित नायक के उद्बोधन से हुई। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद लेने की अपील की। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं चिकित्सा प्रमुख डॉ. उदय कुमार धाबर्डे ने ‘मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक दृढ़ता’ विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कठिन परिस्थितियों का सामना करने में मानसिक मजबूती की भूमिका बताई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से उबर चुके मरीजों द्वारा अपने अनुभव साझा करना रहा। उनके अनुभवों ने लोगों को मानसिक समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा बिना झिझक उचित उपचार और परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग और श्री शंकरा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की नर्सिंग छात्राओं ने अवसाद, मद्यपान पर निर्भरता संबंधी विकार और मनोविदलता जैसे मानसिक रोगों पर नुक्कड़ नाटक एवं चित्रात्मक कहानियों की प्रस्तुति दी। वहीं, सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित ज्ञानवर्धक पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई।कार्यक्रम का समापन मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल राजीव के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। आयोजन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं चिकित्सा प्रमुख डॉ. उदय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संबिता पांडा, महाप्रबंधक प्रभारी श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक प्रशासन श्री संजय दवे, परामर्शदाता मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अमित नायक, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल राजीव तथा अस्पताल के सभी कर्मचारियों के सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया गया।
Subscribe to my channel


