भिलाई-3 स्टेशन प्रबंधक लखबीर सिंह मुंघेरा को भावभीनी विदाई, 35 वर्षों की गौरवपूर्ण रेल सेवा का हुआ सम्मान
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक (CSM) लखबीर सिंह मुंघेरा के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। इस दौरान रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, प्रमोद शर्मा सहित गणमान्य नागरिक एवं लखबीर सिंह मुंघेरा के परिवारजन मौजूद रहे। सांसद विजय बघेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। लखबीर सिंह मुंघेरा ने वर्ष 1991 में भुसावल (महाराष्ट्र) से भारतीय रेल में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। वर्ष 1995 में दुर्ग आने के बाद उन्होंने लगभग 28 वर्षों तक दुर्ग क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में मुख्य स्टेशन प्रबंधक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। करीब 35 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद वे सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनका अंतिम सेवा दिवस 31 अगस्त रहेगा। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि लखबीर सिंह मुंघेरा ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों से उन्हें करीब से देखने का अवसर मिला और एक अधिकारी के रूप में उनकी कार्यशैली एवं व्यवहार सदैव प्रेरणादायक रहा। उनकी सेवा अवधि में कभी कोई दाग नहीं लगा। सांसद ने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण संस्था में अनेक आदेश एवं निर्देशों का पालन करना होता है, जिसे मुंघेरा ने पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया। परिवार और समाज के प्रति भी उनका व्यवहार सकारात्मक रहा। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद समाजसेवा एवं रचनात्मक कार्यों से जुड़े रहने की शुभकामनाएं दीं। सांसद विजय बघेल ने यह भी बताया कि लखबीर सिंह मुंघेरा को उपभोक्ता सलाहकार समिति में जिम्मेदारी देने के लिए उनके द्वारा नियुक्ति पत्र भेजा गया है, ताकि उनके लंबे अनुभव का लाभ समाज और रेलवे से जुड़े कार्यों में मिलता रहे। अपने संबोधन में लखबीर सिंह मुंघेरा ने रेलवे सेवा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1991 में भुसावल से अपनी यात्रा शुरू की थी। भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में कार्यकाल के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का अवसर भी मिला। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय समाजसेवा में लगाने का प्रयास करेंगे। समारोह में मुंघेरा ने अपनी मधुर आवाज में “उलझे हुए लम्हों की चटक सांझ तो होगी” गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं सांसद विजय बघेल ने “दीये जलते हैं, फूल खिलते हैं” गीत प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सांसद विजय बघेल ने केक काटकर लखबीर सिंह मुंघेरा को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। समारोह में रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, परिवारजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


