गुरु घासीदास सेवा समिति की वार्षिक आमसभा संपन्न
ध्वनि मत से पारित हुआ वर्ष 2025-26 का आय-व्यय लेखा-जोखा

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। गुरु घासीदास सेवा समिति सेक्टर-6 भिलाई की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संत समाज एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक गुरु आरती के साथ हुई। कोरम पूरा नहीं होने के कारण सभा को आधे घंटे के लिए स्थगित करने के बाद आमसभा की कार्यवाही शुरू की गई। सभा के प्रथम चरण में समिति अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने पिछले वर्ष समिति द्वारा समाजहित में किए गए कार्यों की जानकारी दी तथा आगामी वर्षों के लिए प्रस्तावित कार्ययोजनाओं को समाज के समक्ष रखा। इसके बाद समिति के कोषाध्यक्ष ने वर्ष 2025-26 के वार्षिक आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने आय-व्यय से संबंधित विभिन्न सवाल किए, जिनका समिति अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे एवं कोषाध्यक्ष ने संतोषजनक एवं पारदर्शी तरीके से जवाब दिया।समिति के जवाबों से संतुष्ट सदस्यों ने वर्ष 2025-26 के आय-व्यय लेखे तथा आमसभा में रखे गए प्रस्तावों को ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के महासचिव एन.आर. गिलहरे ने किया। समापन अवसर पर उन्होंने संत समाज, समिति के पदाधिकारियों, माताओं-बहनों एवं उपस्थित सामाजिकजनों का आभार व्यक्त किया। आमसभा में भिलाई एवं दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


