भिलाई में नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ, ड्रैगन थीम पर सजा दुर्गा पंडाल बना आकर्षण
दीपक कुमार। विशेष संवाददाता

छत्तीसगढ़/भिलाई। नवरात्रि के पावन अवसर पर युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल द्वारा इस वर्ष भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ आज स्थापना पूजा के साथ किया गया। इस बार पंडाल को विशेष रूप से “ड्रैगन थीम” पर सजाया गया है, जो अपने अनोखे स्वरूप और कलात्मक डिजाइन के लिए दर्शकों का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। पंडाल में चलित ड्रैगन की छोटी-बड़ी झाँकियाँ, रंग-बिरंगी रोशनी से सजी सजावट और बाहरी हिस्से में पहाड़ व जंगल की दृश्यावलियाँ श्रद्धालुओं को एक अलौकिक अनुभव प्रदान कर रही हैं। बीच में स्थापित विशाल ड्रैगन और 13 फीट ऊँची माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा न केवल दृश्यात्मक आनंद का स्रोत है, बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक भी बनी हुई है। समिति ने दर्शकों की सुविधा के लिए भोजन स्टॉल, मेले, झूले और नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था की है, जिससे परिवार और श्रद्धालु आरामपूर्वक पूरे उत्सव का आनंद ले सकें। उल्लेखनीय है कि युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल पूरे छत्तीसगढ़ की ऐसी एकमात्र संस्था है, जो लगातार तीनों प्रमुख पर्व — श्री गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा और दशहरा — को बड़े उल्लास और जनभागीदारी के साथ आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष समिति का यह आयोजन 30वें दशहरा पर्व का हिस्सा है। समिति ने सभी नगरवासियों और भक्तों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित इस अनोखी थीम पर आधारित पंडाल और भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर नवरात्रि की भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक संगम का अनुभव करें। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष चन्ना केशवलू ने दी।
Subscribe to my channel


