ब्रेकिंग न्यूज़

कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिला खुशियों का तोहफा,महापौर अलका बाघमार की पहल पर 56 कर्मचारियों को मिलेगी एकमुश्त उपादान राशि

दीपक कुमार। विशेष संवाददाता

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग ने दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार और वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे की पहल पर कुल 56 कर्मचारियों को एकमुश्त उपादान राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए निगम की ओर से 7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे मोतीलाल सभागार में वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर कुल 1 करोड़ 15 लाख 86 हजार 780 रुपए की राशि जीवित एवं मृतक दोनों श्रेणी के कर्मचारियों को दी जाएगी।

✨ लगातार प्रयासों से मिली सफलता

महापौर अलका बाघमार ने बताया कि यह निर्णय कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सभापति श्याम शर्मा के मार्गदर्शन और आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशन में संभव हुआ है।

वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे ने पिछले तीन महीनों से लगातार विभागीय बैठकों का संचालन कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और सभी तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूर्ण कराया। परिणामस्वरूप कर्मचारियों को उनका वर्षों पुराना हक मिलने जा रहा है।

✨ निगम परिवार में खुशी का माहौल

उपादान राशि की घोषणा के बाद निगम परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि यह राशि सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनकी सेवा और समर्पण का सम्मान है। दीपावली से ठीक पहले मिली यह सौगात उनके परिवारों के लिए खुशियों का पर्व बन गई है।

✨ कर्मचारी हित सर्वोच्च प्राथमिकता

महापौर अलका बाघमार और वित्त प्रभारी नरेंद्र बंजारे ने कहा कि निगम कर्मचारी प्रशासन की रीढ़ हैं। उनके हितों की रक्षा और सम्मान करना निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

महापौर ने बताया कि आगे भी निगम द्वारा कर्मचारी-हितैषी निर्णय लिए जाते रहेंगे ताकि सभी वर्गों को समान लाभ मिल सके। वहीं वित्त प्रभारी ने कहा कि शेष बचे कर्मचारियों को भी शीघ्र ही उपादान राशि दी जाएगी।

✨ “खुशहाल कर्मचारी, मजबूत निगम” – आयुक्त सुमित अग्रवाल

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम प्रशासन सदैव पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करता है। उपादान राशि वितरण जैसे निर्णय न केवल आर्थिक राहत देते हैं बल्कि कर्मचारियों में संगठन के प्रति अपनापन और विश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि “खुशहाल कर्मचारी ही मजबूत निगम की पहचान हैं,” और इस दिशा में प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button