दीपावली में फटाका विक्रय हेतु निगम ने की तैयारी — जे.आर.डी. स्कूल मैदान में लगेगा अस्थायी फटाका बाजार,8 अक्टूबर तक आवेदन, 9 अक्टूबर को लॉटरी से होगा स्टॉल आवंटन
अनीता मिश्रा। विशेष संवाददाता

छत्तीसगढ़/दुर्ग। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग ने फटाका विक्रय की तैयारी प्रारंभ कर दी है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम क्षेत्र में अस्थायी फटाका बाजार की स्थापना की जा रही है ताकि विक्रेताओं और नागरिकों दोनों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। निगम द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 39 स्थित जे.आर.डी. स्कूल के पीछे मैदान में अस्थायी फटाका बाजार लगाया जाएगा। इस स्थल पर केवल अधिकृत व्यवसायियों को ही विक्रय की अनुमति दी जाएगी। इच्छुक व्यापारी 8 अक्टूबर 2025 तक आवेदन जमा कर सकते हैं, इसके बाद 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे लॉटरी प्रणाली के माध्यम से स्टॉल का आवंटन किया जाएगा। प्रत्येक अस्थायी स्टॉल का आकार 10×15 फीट निर्धारित किया गया है और शुल्क 3,300 रुपये रखा गया है। संबंधित नियम एवं शर्तें निगम के बाजार विभाग कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि फटाका विक्रय केवल निर्धारित स्थल एवं अवधि तक ही अनुमत रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित विक्रेताओं पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
Subscribe to my channel


