निगम परिसर में पूर्व पार्षद श्रीमती कुलेश्वरी चंद्राकर को दी गई श्रद्धांजलि
दीपक कुमार। विशेष संवाददाता

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर में आज सुबह औद्योगिक नगर वार्ड क्रमांक 17 की पूर्व पार्षद स्वर्गीय श्रीमती कुलेश्वरी चंद्राकर के स्मरण में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। वे वर्तमान वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद एवं लोककर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर की धर्मपत्नी थीं। आज प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में 57 वर्ष की आयु में उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई। श्रद्धांजलि सभा में महापौर अलका बाघमार, आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी सहित भाजपा संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके जनसेवा भाव एवं योगदान को नमन किया। स्वर्गीय श्रीमती कुलेश्वरी चंद्राकर वर्ष 2004 से 2009 तक नगर निगम दुर्ग की पार्षद रहीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वार्ड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए और भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को उन्होंने निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। महापौर अलका बाघमार ने श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि “श्रीमती कुलेश्वरी चंद्राकर जी अत्यंत विनम्र, मिलनसार और सौम्य स्वभाव की थीं। उनके कार्य और व्यवहार से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।” उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की
Subscribe to my channel


