अन्नदाताओं का सम्मान — समृद्ध राष्ट्र का निर्माण : सांसद विजय बघेल
अनीता मिश्रा। विशेष संवाददाता

भिलाई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, पाहंदा (दुर्ग) में किसानों के सम्मान और कृषि उन्नति के लिए एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के करोड़ों किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने देश को ₹42,000 करोड़ से अधिक की कृषि परियोजनाओं की सौगात दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास मंत्री राजीव रंजन सिंह, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री भी उपस्थित रहे। यह आयोजन किसानों की समृद्धि, कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
शुभारंभ की गई प्रमुख योजनाएं —
पीएम धन–धान्य कृषि योजना: भारत रत्न जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती पर प्रारंभ यह योजना किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और कृषि उत्पादन की गुणवत्ता सुधार पर केंद्रित है। दलहन आत्मनिर्भरता मिशन: देश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी, जिससे किसानों की आमदनी और खाद्य सुरक्षा दोनों मजबूत होंगी। कृषि अवसंरचना कोष से जुड़ी 1100 परियोजनाओं का उद्घाटन: इन परियोजनाओं से पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नए रोजगार अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मूल्य संवर्धन को बल मिलेगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा — “अन्नदाता का सम्मान ही समृद्ध भारत का आधार है। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई ये योजनाएं देश के किसानों के जीवन में नया अध्याय जोड़ेंगी।” कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नीलम चंद्राकर, सभापति कमलेश वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष विनायक ताम्रकार, हर्षा लोकमणी चंद्राकर, राजा पाठक, इशरावती ठाकुर (सरपंच) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, किसान संगठन पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और हजारों किसान भाई-बहन शामिल हुए।यह आयोजन भारतीय कृषि इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा, जो देश को “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” के मंत्र के साथ आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की ओर अग्रसर करेगा।
Subscribe to my channel


