सांसद खेल महोत्सव 2025 : भिलाई-03 मंडल में हुआ जोश और उत्साह से भरपूर खेल आयोजन
दीपक कुमार। विशेष संवाददाता

भिलाई। सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत भिलाई-03 क्षेत्र में 14 एवं 15 अक्टूबर को मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिताएं नोडल अधिकारी, नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा के आदेशानुसार वार्ड क्रमांक 40, ग्राम गनीयारी में प्रातः 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न हुईं। कार्यक्रम में कुर्सी दौड़, योगासन, फूगड़ी, गेड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, 100 एवं 400 मीटर दौड़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेताओं की घोषणा एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल, नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा, महामंत्री श्याम सुंदर जायसवाल एवं समीर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर निगम अधिकारियों, स्कूलों के अध्यापकों, क्रीड़ा अधिकारियों तथा क्षेत्र के खिलाड़ियों की भारी उपस्थिति रही। खेल मैदान में बच्चों और युवाओं के जोश एवं खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया।
Subscribe to my channel


