दुर्ग में “बिहान हाट – चिन्हारी दुआरी” मेला का शुभारंभस्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी सह विक्रय में झलकी ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता की चमक
अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

दुर्ग। रजत महोत्सव के अवसर पर जिला पंचायत दुर्ग परिसर में “बिहान हाट – चिन्हारी दुआरी” मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। यह मेला 16 से 18 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ बजरंग कुमार दुबे के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत इस आयोजन की शुरुआत फीता काटकर की गई।शुभारंभ अवसर पर
जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, सीईओ बजरंग कुमार दुबे, जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस मेले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। जिले के सभी विकासखंडों की समूह सदस्य महिलाएँ इसमें शामिल हुईं और अपने समूहों द्वारा तैयार वस्त्र, अचार, पापड़, पूजन सामग्री, गृह उपयोगी वस्तुएँ और त्योहारी व्यंजन प्रदर्शित किए। सीईओ श्री बजरंग कुमार दुबे ने आम नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मेला स्थल पर पहुँचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिले। उन्होंने कहा कि बिहान मेला न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रहा है।प्रदर्शनी स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए और समूहों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन एवं खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। दीपावली के शुभ अवसर पर यह मेला ग्रामीण प्रतिभा, परंपरा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गया है।
Subscribe to my channel


