400 यूनिट हाफ योजना बहाल करने की मांग, ऊंट को जीरा खिलाकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
200 यूनिट बढ़ोतरी ऊंट के मुंह में जीरा समान” – राकेश ठाकुर

दुर्ग। 400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना की बहाली की मांग को लेकर आज जिला मुख्यालय दुर्ग में कांग्रेस ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बिजली ऑफिस और कलेक्ट्रेट के सामने ऊंट को जीरा खिलाकर मौजूदा 200 यूनिट हॉफ योजना का विरोध जताया और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तरह इसे फिर से 400 यूनिट करने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक अरुण वोरा, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, आरएन वर्मा, जिले व शहर के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, जिला पंचायत–जनपद सदस्य, पार्षद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए
“200 यूनिट जनता के लिए ऊंट के मुंह में जीरा” — राकेश ठाकुर
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने लाखों उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना लागू की थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे घटाकर 100 यूनिट कर दिया। प्रदेशभर में हुए विरोध के बाद सरकार इसे बढ़ाकर 200 यूनिट लाई, जो “जनता के लिए ऊंट के मुंह में जीरा” समान है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक 400 यूनिट हॉफ योजना बहाल नहीं होती, कांग्रेस आंदोलन और उग्र करेगी।
“जनविरोधी निर्णय, जनता 2028 में जवाब देगी” — अरुण वोरा
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के प्रति संवेदनशील नहीं है। किसानों के बाद अब जनता पर बिजली का अतिरिक्त भार डाल दिया गया है। लगातार आंदोलनों के बावजूद सरकार जनहित के निर्णय नहीं ले रही है। आने वाले 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
“सौर ऊर्जा और स्मार्ट मीटर अदानी को लाभ पहुंचाने की नीति” — राजेंद्र साहू
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा का जोर छत्तीसगढ़ की जनता नहीं, बल्कि उद्योगपति अदानी को लाभ पहुंचाने के लिए है। राज्य सरकार जंगल, जमीन, खदानें तक उद्योगपति को सौंप रही है और छत्तीसगढ़ की बिजली बाहर ऊंचे दामों में बेची जा रही है।
प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे दुर्ग एसडीएम हितेश पिस्दा और बिजली विभाग के एई आलोक साहू ने माँगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इन नेता–कार्यकर्ताओं ने लिया भाग उमाकांत चंद्राकर, शिवकुमार वर्मा, राजीव गुप्ता, अलताफ अहमद, दानेश्वर साहू, नासिर खोखर, परमजीत सिंह भुई, कैलाश नाहटा, ओनी महिलांग, अय्यूब खान, सनी साहू, राजकुमार नारायणी, प्रेमलता साहू, पोषण साहू, राहुल शर्मा, शमशीर कुरैशी, विक्रांत अग्रवाल, करीम खान, संतोष बाफना, महेंद्र निषाद, लोकेश साहू, नागमणि साहू, सुमन साहू, जीवन निर्मलकर, अमृत राजपूत, हरीश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


