ब्रेकिंग न्यूज़

भिलाई नगर निगम ने बनाया रिकॉर्ड: छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा 1610 कुत्तों का बधियाकरण व वैक्सीनेशन

अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

दुर्ग/भिलाई नगर। नगरपालिक निगम भिलाई राज्य शासन एवं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने बताया कि अप्रैल 2025 से अब तक कुल 1610 कुत्तों का बधियाकरण और वैक्सीनेशन किया जा चुका है, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में कुत्तों की देखभाल और फीडिंग के लिए स्थान तय कर दिए गए हैं, जहां पीपुल्स फॉर एनिमल वेलफेयर समिति की टीम नियमित रूप से काम कर रही है। संस्था को जीव जंतु कल्याण बोर्ड से मान्यता प्राप्त है। राज्य शासन के निर्देशों के पालन हेतु स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, खेल परिसर एवं स्टेडियम जैसे सभी संस्थानों को आयुक्त द्वारा पत्र जारी कर नोडल अधिकारी नियुक्त करने और परिसर को इस तरह सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं कि आवारा कुत्तों का प्रवेश न हो सके। इन स्थानों की सतत निगरानी भी अनिवार्य की गई है। नगर निगम के डॉग शेल्टर हाउस, जिसकी क्षमता 15–20 कुत्तों की है, के माध्यम से बधियाकरण का कार्य पहले से संचालित है। बधियाकरण व टीकाकरण के पश्चात सभी कुत्तों को उन्हीं के मूल स्थान पर छोड़ा जा रहा है, जैसा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों में उल्लेखित है। भिलाई नगर निगम का यह निरंतर प्रयास शहर में जन-सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों को संतुलित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Deepak

Related Articles

Back to top button