गुरु घासीदास जयंती पर चिकित्सा शिवर सेवा से शुरू हुआ तीन दिवसीय आयोज
अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6 भिलाई नगर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी परमपूज्य गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के पावन अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के प्रथम दिवस पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर, सतनाम सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन संपन्न हुआ। निःशुल्क चिकित्सा शिविर का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. ए.डी. बनर्जी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर के अंतर्गत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चिकित्सा शिविर में कुल 300 महिलाओं एवं 250 पुरुषों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। नेत्र जांच कक्ष में सर्वाधिक भीड़ देखने को मिली। इसके अतिरिक्त सूरज नर्सिंग होम के सहयोग से आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित चिकित्सकों एवं समिति पदाधिकारियों द्वारा गुरु घासीदास बाबा के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। स्वागत भाषण समिति अध्यक्ष श्री बी.एल. कुर्रे ने दिया। समापन अवसर पर गुरु घासीदास सेवा समिति द्वारा सभी चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन महासचिव श्री एन.आर. गिलहरे ने किया, जबकि मंच संचालन समिति सचिव श्री राजेन्द्र महिलांग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती उर्मिला भास्कर, सचिव दिवाकर गायकवाड़, टेकराम बंजारे, कोषाध्यक्ष श्री रामचंद्र देशलहरा सहित कार्यकारिणी सदस्य व बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।गुरु घासीदास सेवा समिति द्वारा आयोजित यह सेवा-कार्य समाज के प्रति समर्पण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
Subscribe to my channel


