संकट में अभिनेता राजपाल यादव, कासगंज के किसान नेता प्रवीन शर्मा ने बढ़ाया मदद का हाथ
अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

कासगंज l मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के जेल जाने के बाद उनके समर्थन में अब देश के विभिन्न क्षेत्रों से आवाजें उठने लगी हैं। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद, अभिनेता की आर्थिक तंगी की खबरों ने सोशल मीडिया पर सहानुभूति की लहर पैदा कर दी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज के किसान नेता प्रवीन शर्मा ने अभिनेता के लिए आर्थिक मदद का हाथ बढ़ाया है। भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के नेता प्रवीन शर्मा ने राजपाल यादव की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यक्तिगत रूप से 31,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह स्वयं दिल्ली की तिहाड़ जेल जाकर अभिनेता से मुलाकात करेंगे और उन्हें यह राशि सौंपेंगे। प्रवीन शर्मा ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा “जिस कलाकार ने बरसों तक पूरी दुनिया को हंसाने का काम किया, आज वह स्वयं आर्थिक संकट और उदासी के दौर से गुजर रहा है। इंसानियत के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनकी मदद करें। हमारी टीम जल्द ही चंदा एकत्रित कर और भी बड़ी सहायता राशि जुटाने का प्रयास करेगी।” राजपाल यादव की मदद के लिए केवल किसान नेता ही नहीं, बल्कि राजनीति और सिनेमा जगत के दिग्गज भी आगे आए हैं l वहीं बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपने आगामी प्रोजेक्ट के लिए राजपाल यादव को साइनिंग अमाउंट देने की घोषणा की है। जन शक्ति जनता दल के नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप ने भी अभिनेता की वित्तीय सहायता करने की बात कही है। ज्ञात हो कि दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव को एक ऋण भुगतान से जुड़े चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के लिए 4 फरवरी तक का समय दिया था। समयावधि समाप्त होने के बाद, 5 फरवरी को अभिनेता ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। उनके जेल जाने के बाद से ही उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के बीच उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हैं l
Subscribe to my channel


