संकल्प बजट 2026-27 विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की ठोस आधारशिला- अतुल पर्वत
अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

भिलाई। भाजपा नेता एवं भिलाई Can Do पर्वत फाउंडेशन के चेयरमैन श्री अतुल पर्वत ने वित्त वर्ष 2026-27 के “संकल्प बजट” को विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की परिकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट मात्र आय-व्यय का विवरण नहीं, बल्कि प्रदेश के दीर्घकालिक विकास का स्पष्ट रोडमैप है। श्री पर्वत ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की संकल्पना का मूल आधार है — सशक्त किसान, आत्मनिर्भर महिलाएं, हुनरमंद और रोजगारयुक्त युवा, आधुनिक अधोसंरचना तथा संतुलित एवं सुदृढ़ अर्थव्यवस्था। इन सभी आयामों को इस बजट में प्राथमिकता दी गई है, जो राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र को 40 प्रतिशत प्राथमिकता देना इस बात का प्रमाण है कि सरकार मानव विकास को सर्वोच्च महत्व दे रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के कौशल विकास में बढ़ा निवेश प्रदेश को आने वाले वर्षों में ज्ञान-आधारित और कौशल-आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर करेगा।कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए ‘कृषक उन्नति योजना’, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन जैसे निर्णय किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। साथ ही पूंजीगत व्यय में वृद्धि, सड़क एवं औद्योगिक अधोसंरचना का विस्तार, डिजिटल कनेक्टिविटी और औद्योगिक कॉरिडोर का विकास प्रदेश को निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाएगा। महिलाओं के लिए संपत्ति पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट, ‘रानी दुर्गावती योजना’ तथा स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के प्रयास सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी को सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित राज्य की पहचान महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से होती है। अतुल पर्वत ने कहा कि पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों — विशेषकर बस्तर और सरगुजा — में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देना सरकार की समावेशी सोच को दर्शाता है। जब प्रदेश का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का लक्ष्य पूर्ण होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री शविष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट दूरदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जनहित के संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। अंत में श्री पर्वत ने विश्वास व्यक्त किया कि “संकल्प बजट 2026-27” निश्चित ही विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की मजबूत नींव सिद्ध होगा और प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेगा।
Subscribe to my channel


