ब्रेकिंग न्यूज़

वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न, सांसद विजय बघेल रहे मुख्य अतिथि

अनिता मिश्रा। विशेष संवादाता

भिलाई। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला, बिजली नगर भिलाई-3, संकुल भिलाई-3, विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में उपकरण चंद्राकर (प्रदेश महामंत्री, पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा) एवं तुलसी धुर्व उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में सांसद श्री बघेल ने कहा कि स्कूल में आने पर अपना बचपन याद आ जाता है। उन्होंने “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” अभियान का उल्लेख करते हुए बेटियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि पहले संसाधन सीमित थे, लेकिन आज बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। सांसद ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए इसे गौरवशाली संस्थान बताया। उन्होंने परिसर के पीछे उपलब्ध भूमि पर अतिरिक्त भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही, ताकि विद्यार्थियों को और सुविधाएं मिल सकें। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही किसान हितैषी योजनाओं, विशेषकर उन्नति किसान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों को लाभ मिला है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Deepak

Related Articles

Back to top button