विकसित भारत–जी राम जी युवा डिजिटल अभियान की शुरुआत
वीडियो चैलेंज, क्विज और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन

छत्तीसगढ़/दुर्ग। ग्रामीण विकास और आजीविका से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी “विकसित भारत–जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” की शुरुआत की गई है। यह अभियान MY Bharat पोर्टल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से देशभर के युवा विभिन्न डिजिटल गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। अभियान के अंतर्गत “माई विलेज चैलेंज” नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर MY Bharat पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। वीडियो की अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन में अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा। इसी क्रम में MY Bharat पोर्टल पर विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।इसके अलावा MyGov पोर्टल पर “विकसित भारत–जी राम जी एक्ट 2025” के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा लोगो चुनना है जो समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शा सके। सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। चयनित लोगो के सभी बौद्धिक संपदा अधिकार ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के पास रहेंगे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
Subscribe to my channel


