बीमार पिता की बेटी की पढ़ाई में यूथ सिख सेवा समिति बनी सहारा 20 हजार रुपये की दी शिक्षा सहायता
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग/भिलाई। यूथ सिख सेवा समिति भिलाई द्वारा शिक्षा सहायता के अंतर्गत एक जरूरतमंद परिवार की मदद करते हुए छात्रा की पढ़ाई जारी रखने के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। समिति को शिक्षा सहायता फॉर्म के माध्यम से एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें एक छात्रा के पिता ने बताया कि वे पिछले लगभग एक वर्ष से अस्वस्थता के कारण कार्य करने में असमर्थ हैं। इस कारण वे अपनी बेटी, जो कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है, की दो वर्षों की स्कूल फीस जमा करने में असमर्थ थे। समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा सहायता फॉर्म के माध्यम से पूरे प्रकरण का सत्यापन कराया। सत्यापन के बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रा की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, समिति द्वारा 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के हाथों परिवार को सौंपा गया। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह, जोगा राव, अनिल चौधरी, डॉ. हरजिंदर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने शिक्षा सेवा के इस कार्य में अपनी सहभागिता निभाई और जरूरतमंद छात्रा की मदद को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
Subscribe to my channel


