भिलाई में मान्यवर कांशीराम जयंती समारोह सम्पन्न, बहुजनों के अधिकारों पर हुआ मंथन
दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग। न्यूज़ 20 भारत

दीपक कुमार, ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में सेक्टर-6 स्थित डॉ. अम्बेडकर प्रेरणा स्थल में बहुजनों के मसीहा मान्यवर कांशीराम जी की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता भागवत बंजारे के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मान्यवर कांशीराम जी, भारत की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्री बाई फुले तथा छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद ममतामयी मिनिमाता जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि भागवत बंजारे ने मान्यवर कांशीराम जी के जीवन संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बहुजनों को पहले राजनीतिक शक्ति प्राप्त करने का संदेश दिया। उनका मानना था कि राजनीतिक सत्ता ही समाज के सर्वांगीण विकास की मास्टर चाबी है। उन्होंने कहा कि हमें डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम जी के सपनों को साकार करने के लिए सकारात्मक प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कोमल प्रसाद ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बामसेफ और डीएस-4 जैसे संगठनों का गठन कर बहुजन समाज को संगठित किया तथा अंततः 14 अप्रैल 1984 को बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर राजनीतिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डॉ. आंबेडकर सांस्कृतिक भवन सेक्टर-6 की पूर्व अध्यक्षा सविता मेश्राम और तथागत समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल मेश्राम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम, श्रीमती कांची बाई, कमल मेश्राम, सुमन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


