सेक्टर-09 चौक पर लहराया विशाल भगवा ध्वज, हनुमान चालीसा व महाआरती से गूंजा माहौल हिन्दू नववर्ष पर निकली भव्य भगवा रैली, हजारों युवाओं ने दिखाई सहभागिता
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई द्वारा सेक्टर-09 चौक में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विशाल भगवा ध्वजारोहण, सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ और भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविक सेंटर से निकली विशाल भगवा रैली के साथ हुई। रैली में विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं और श्रीराम भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भगवा ध्वजों और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा मार्ग गूंज उठा। नगर के अनेक सामाजिक संगठनों की सहभागिता ने रैली को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया।रैली के समापन पर सेक्टर-09 चौक में विशाल भगवा ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर
श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का समापन भव्य महाआरती के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आराधना की। इस अवसर पर समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने सभी को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले 40 वर्षों से श्रीरामनवमी महाउत्सव का आयोजन करती आ रही है, जो अब प्रदेश में आस्था और एकता का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और युवाओं को संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आगामी श्रीरामनवमी महाउत्सव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की अपील की। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भजन-कीर्तन और दीपों की रोशनी से पूरा चौक आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के पश्चात समिति के सदस्यों ने हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Subscribe to my channel


