नारायणा ई-टेक्नो स्कूल पर लगाए गए आरोप निराधार, प्रबंधन ने दी सफाई

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में संचालित नारायणा ई-टेक्नो स्कूल की सीबीएसई संबद्धता एवं शैक्षणिक प्रक्रियाओं को लेकर हाल ही में फैल रही अफवाहों पर स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। इस संबंध में आज एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें बोरसी (दुर्ग) शाखा की प्राचार्य मनीषा अवस्थी एवं प्रबंधन टीम के प्रतिनिधि नमन शर्मा (एजीएम) तथा धर्मेंद्र राव (एजीएम) उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता के दौरान प्रबंधन ने संयुक्त रूप से कहा कि स्कूल के खिलाफ प्रसारित की जा रही जानकारी तथ्यहीन है। प्रबंधन के अनुसार, दुर्ग (बोरसी) एवं भिलाई (जुनवानी) स्थित दोनों शाखाएं सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) से विधिवत संबद्ध हैं, जिसकी पुष्टि सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर की जा सकती है। उन्होंने बताया कि दोनों स्कूल सीबीएसई, राज्य शासन एवं जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन कर रहे हैं। प्राचार्य मनीषा अवस्थी ने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और स्कूल पूरी तरह मानकों के अनुरूप संचालित हो रहा है। प्रबंधन ने जानकारी दी कि नारायणा ग्रुप देशभर में 800 से अधिक स्कूल संचालित करता है, जहां 6 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। साथ ही प्रबंधन ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य करें और अपुष्ट खबरों या अफवाहों को साझा करने से बचें। अंत में मीडिया संस्थानों से भी अनुरोध किया गया कि किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पहले संबंधित दस्तावेजों एवं अधिकृत स्रोतों से तथ्यों का सत्यापन अवश्य करें।
Subscribe to my channel


