भिलाई इस्पात मज़दूर संघ ने सेक्टर-9 अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रबंधन से की चर्चा
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भिलाई इस्पात मज़दूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री चन्ना केशवलू के नेतृत्व में सेक्टर-9 अस्पताल प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सीएमओ (इंचार्ज) डॉ. विनीता द्विवेदी, डायरेक्टर डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर एवं डायरेक्टर उदय कुमार उपस्थित रहे। संघ की ओर से मेडिकल प्रभारी सन्नी ईपपन सहित प्रतिनिधि मंडल शामिल हुआ। बैठक में सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएन अस्पताल) और उससे जुड़े केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्थाओं व कमियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संघ ने मरीजों को हो रही परेशानियों को तत्काल दूर करने की मांग की। प्रमुख मांगों में स्वास्थ्य मित्र ऐप का ओटीपी रजिस्ट्रेशन प्लांट के भीतर उपलब्ध कराने, ओपीडी में पूर्ण प्रिस्क्रिप्शन देने, डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति, मेन मेडिकल पोस्ट में 24 घंटे दो डॉक्टरों की उपलब्धता, सिटी स्कैन मशीन की शीघ्र मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्था शामिल हैं। इसके अलावा नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ को इंडक्शन ट्रेनिंग, विशेषज्ञ डॉक्टरों की ऑनलाइन बुकिंग में सुधार, हृदय व मस्तिष्क रोग विशेषज्ञों के समय का पुनर्निर्धारण, वार्डों में अटेंडेंट सुविधा, थायराइड क्लिनिक में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट तथा वार्डों में एसी-कूलर की मरम्मत की मांग भी उठाई गई। संघ ने सभी मुद्दों के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है। बैठक में संघ के उपाध्यक्ष जगजीत सिंह, सुधीर गडेवाल, मृगेंद्र कुमार, संयुक्त महामंत्री प्रदीप कुमार पाल, जोगेंद्र कुमार, भागीरथी चन्द्राकर एवं राजीव सिंह उपस्थित रहे। यह जानकारी महामंत्री चन्ना केशवलू ने दी।
Subscribe to my channel


