पावर हाउस में अंबेडकर जयंती पर भव्य राज्य स्तरीय मेला, हजारों लोगों की रही भागीदारी पंडवानी प्रस्तुति से उषा बारले ने बांधा समां, अतिथियों ने बाबा साहेब के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई (पावर हाउस)डॉ. अंबेडकर प्रतिमा प्रबंध समिति, डॉ. अंबेडकर चौक पावर हाउस भिलाई द्वारा राज्य स्तरीय जयंती मेला महोत्सव एवं अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, बौद्ध एवं अल्पसंख्यक महासम्मेलन के तहत भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, विधायक रिंकेश सेन, तुलसी साहू, शंकर लाल देवांगन, प्रेमचंद अरुण (बौद्ध) सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए। सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंटकर किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री श्रीमती उषा बारले ने अपनी प्रसिद्ध पंडवानी गायन प्रस्तुति से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाद में अतिथियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील हरीशचंद्र रामटेके ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। विधायक रिंकेश सेन ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर की जयंती हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बाबा साहेब को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनके बनाए संविधान के कारण ही समाज सेवा का अवसर मिला है। सांसद विजय बघेल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की एकता और अखंडता का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बाबा साहेब के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी से उसके आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों प्रबुद्धजन एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
Subscribe to my channel


