उतई दुष्कर्म कांड के विरोध में सतनामी समाज का आक्रोश, फास्ट ट्रैक में सुनवाई व कठोर सजा की मांग भिलाई/दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र (बंजारी पारा)
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई/दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र (बंजारी पारा) में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की हृदय विदारक घटना के विरोध में सतनामी समाज एवं गुरु घासीदास सेवा समिति (सेक्टर-6, भिलाई) ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है समाज के प्रतिनिधियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुनंदन सिंह राठौर को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में 10 अप्रैल को घटित इस जघन्य घटना का उल्लेख करते हुए समाज की प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा गया है। समाज ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। साथ ही आरोपी को फांसी या आजीवन कारावास जैसी कठोर सजा दी जाए। इसके अतिरिक्त संवेदनशील क्षेत्रों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने, पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता व आजीवन सहयोग प्रदान करने तथा राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस व प्रभावी नीति लागू करने की मांग भी की गई है। सतनामी समाज ने पूर्व में भी बेटियों एवं महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समुचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समाज ने स्पष्ट किया कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगा। यह जानकारी बी.एल. कुर्रे अध्यक्ष, गुरु घासीदास सेवा समिति सेक्टर-6, भिलाई ने दी
Subscribe to my channel


