भिलाई सेक्टर-6 में बाबा साहेब आंबेडकर जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सेक्टर-6 स्थित बुद्ध विहार में भव्य सार्वजनिक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया एवं भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारत रत्न, महान धम्म प्रवर्तक एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार बोधिसत्व परम पूज्य डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धा एवं गरिमा के साथ नमन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में विधायक देवेन्द्र यादव, विधायक रिंकेश सेन, महापौर नीरज पाल, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर (डोंगरगढ़) एवं इंद्रजीत सिंह छोटू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा बाबासाहेब के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। “भीम क्रांति” की बुलंद आवाज के रूप में प्रसिद्ध प्रबोधनकार गायक विकास राजा (नागपुर, काटोल) ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के महान व्यक्तित्व हैं। उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार हम धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करते हैं, उसी प्रकार संविधान का भी अध्ययन किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष वर्षा धाबड़े,एस.आर. कांडे, एस.डी. कावरे, संजय गजघाटे, सुनील रामटेके, बालेश्वर चौरे, मधुकर जाम्बुलकर, हर्ष मेश्राम, विनोद वासनिक, उदय धाबर्डे, संजय बागडे, सी.एल. महेश्वरी, भोजराज गौरखेडे, राजेश वंजारी, प्रज्ञा कांडे, अशोक ढवले, प्रेरणा कठाने, प्रतिमा बंसोड, सुजाता भगत, जय श्री बौद्ध, मीना नारनवरे सहित अनेक समाजसेवी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में एस.आर. कांडे द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष भोजराज गौरखेडे, बेनीराम गायकवाड़, नीलकंठ सिघांडे, संजय शेन्द्रे, सुरेश वैध, प्रकाश कांडे, महेंद्र वाघमारे सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
Subscribe to my channel


