पीएम-गृहमंत्री को ‘औकात’ दिखाने की बात लोकतांत्रिक मर्यादा का उल्लंघन – मनीष पाण्डेय
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। भिलाई नगर भाजपा युवा नेता मनीष पाण्डेय ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को “औकात” दिखाने जैसी टिप्पणी न केवल असंवेदनशील है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन भी है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देवेंद्र यादव, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव करते हुए छात्रसंघ चुनाव की मांग कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने यह बयान दिया। मनीष पाण्डेय ने सवाल उठाया कि जब छत्तीसगढ़ में पाँच वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे, तब छात्रसंघ चुनाव की मांग क्यों नहीं उठाई गई। उन्होंने इसे अवसरवादी राजनीति बताते हुए कहा कि चुनाव आते ही युवाओं के मुद्दों को उठाना केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है। हसदेव मुद्दे पर पाण्डेय ने कहा कि पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव कांग्रेस सरकार के समय ही आया था, ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाना जनता को गुमराह करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें जनता के विश्वास का परिणाम हैं, ऐसे में शीर्ष नेतृत्व पर इस प्रकार की टिप्पणी जनादेश का अपमान है। पाण्डेय ने देवेंद्र यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन मर्यादा और सम्मान बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
Subscribe to my channel


