पीएम आवास योजना: लॉटरी से 10 हितग्राहियों को मिला अपने घर का सपना

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहर के सरस्वती नगर, मां कर्मा बोरसी एवं गोकुल नगर में एएचपी घटक के तहत निर्मित आवासों के आवंटन की प्रक्रिया लगातार जारी है। किफायती और आकर्षक दरों पर उपलब्ध इन मकानों के लिए शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है और लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।निगम द्वारा प्रत्येक माह प्राप्त आवेदनों के आधार पर पारदर्शी तरीके से लॉटरी निकालकर आवासों का आवंटन किया जा रहा है। इसी क्रम में गोकुल नगर में 1, सरस्वती नगर में 7 तथा मां कर्मा बोरसी में 2 आवासों सहित कुल 10 आवासों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया गया। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, चंद्रशेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, रंजीता पाटिल एवं कार्यपालन अभियंता सुश्री विनिता वर्मा की उपस्थिति में लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई। इसके बाद हितग्राहियों को आवंटन पत्र भी वितरित किए गए। लॉटरी प्रक्रिया में प्रत्येक हितग्राही ने स्वयं पर्ची निकालकर अपने आवास का चयन किया, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। निगम प्रशासन ने बताया कि सम्पूर्ण राशि जमा होने के बाद हितग्राहियों को आधिपत्य पत्र प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर श्रीमती बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों में केवल पात्र हितग्राही ही निवास करेंगे। यदि कोई आवास किराये पर देता पाया गया, तो निगम द्वारा आवंटन निरस्त करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम में दीपक संचेती, हिमांशु बेलेंद्रे (सीएलटीसी), रामदास साहू सहायक ग्रेड-03 सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


