ब्रेकिंग न्यूज़

ब्रेकिंग न्यूज़: सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी और एक नाबालिग पकड़े गए

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने थाना जामुल क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित 6 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, घरेलू सामान, चोरी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन, दरवाजा तोड़ने के औजार और चोरी के पैसों से खरीदे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी पूर्व से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त आदतन अपराधी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना जामुल क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं के बाद एसीसीयू टीम और जामुल पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लगातार पतासाजी की जा रही थी। हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी सिम्मी अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर घर में रखी नगदी और चांदी के सामान चोरी कर लिए। इस मामले में अपराध क्रमांक 251/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड निवासी देव सिंह थापा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे। 24 से 28 अप्रैल 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और घरेलू सामान पार कर दिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की। संदेह के आधार पर आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविंदर उर्फ सरदार को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, हार, लॉकेट, कान की बाली, चांदी की पायल, बिछिया, कड़ा, चेन, सिक्का, चांदी का लोटा, एलसीडी टीवी सहित करीब 5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। चोरी के पैसों से खरीदे गए दो वीवो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा क्रमांक CG 04 DG 9853 और दरवाजा तोड़ने में इस्तेमाल औजार भी जप्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविंदर उर्फ सरदार (25 वर्ष), सोनू सरदार उर्फ पुच्ची उर्फ हर्ष (19 वर्ष), तोप सिंह बंजारे (30 वर्ष), शेख रशीद (29 वर्ष), हेमा जांगड़े (35 वर्ष), रूबी कौर (32 वर्ष) तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को सूना छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में पड़ोसियों को जानकारी अवश्य दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button