दुर्ग में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 4 और आरोपी गिरफ्तार
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल सात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषभ नगर निवासी विकास जैन अपने मकान में मोबाइल फोन और ऑनलाइन एप के माध्यम से चेन्नई एवं दिल्ली के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर विकास जैन, रौनक ताम्रकार और प्रवीण ताम्रकार को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब और प्रकाश सोनी को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, 9 हजार 810 रुपये नगद, सट्टा लेखा-जोखा संबंधी पॉकेट डायरी और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 89 हजार 810 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अवैध सट्टा और ऑनलाइन जुआ गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Subscribe to my channel


