ब्रेकिंग न्यूज़

वैश्विक व्यापार में सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत का सपना होगा साकार : अजय भसीन

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के महामंत्री अजय भसीन ने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में भाग लिया। बैठक में भारत के वैश्विक व्यापार को विस्तार देने, निर्यात बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में भारत के व्यापार को वर्तमान 863 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में निर्यात को 18 प्रतिशत तक बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया। जिन देशों के साथ भारत का फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है, वहां व्यापारिक संभावनाओं को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। अजय भसीन ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि जिन वस्तुओं का आयात किया जा रहा है, उनका उत्पादन देश में ही बढ़ाया जाए। इसके लिए निजी क्षेत्र और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। केंद्र सरकार द्वारा उद्यमियों के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। बैठक में व्यापारियों और उद्योगपतियों तक विशेषज्ञता, नई तकनीक और आधुनिक व्यापार संस्कृति पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान मिल सके। उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की रणनीति पर भी विचार किया गया। अजय भसीन ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। व्यापारियों और उद्योगपतियों की सक्रिय भागीदारी से यह लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जा सकेगा। बैठक में गारगी शंकर मिश्र, दिनकर बसोतिया, जेपी गुप्ता, अजीत सिंह, शंकर सचदेव, सुनील मिश्रा, राकेश मलहोत्रा, मनोहर कृष्णानी और चिन्ना राव सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button